रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बालोद जिले के दौरे से वापस रायपुर लौट आए हैं। वे बालोद में आयोजित राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य की बात है कि इतने बड़े राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर प्रदेश को मिला।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस जंबूरी में देशभर से 12 हजार से अधिक रोवर और रेंजर शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने वाला है। सीएम साय ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का समापन कल किया जाएगा।
जल्द जारी होगा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाने को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में सुशासन विभाग का गठन किया गया है और सरकार का उद्देश्य जनता को पारदर्शी और निष्पक्ष शासन देना है।
सीएम साय ने कहा कि हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से कोई भी नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेकर समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।





