रायपुर। युवा रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले युवाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की। इस अवसर पर युवाओं ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ में युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को उनके-अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर युवाओं को संकोच नहीं करना चाहिए।
शिक्षा विकास का मूलमंत्र : CM साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि एक सफल इंसान बनने का आधार है। कृषि, व्यापार, समाजसेवा या राजनीति—हर क्षेत्र में शिक्षित व्यक्ति आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि पढ़ा-लिखा और अनपढ़ व्यक्ति दोनों जीवन जीते हैं, लेकिन उनके जीवन में जमीन-आसमान का अंतर होता है।
मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्राथमिक शिक्षा के दौरान उन्हें पांचवीं बोर्ड परीक्षा देने के लिए सात किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जबकि आज हर विकासखंड में कॉलेज हैं। प्रदेश में IIT, IIM, IIIT, NIT और लॉ यूनिवर्सिटी जैसी उच्च शिक्षण संस्थाएं उपलब्ध हैं।
कोचिंग, हॉस्टल और स्किल डेवलपमेंट पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग की व्यवस्था की गई है। दिल्ली में छात्रों के लिए हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 185 कर दी गई है। प्रदेश में अब तक 34 नालंदा परिसरों की स्थापना की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए आईटीआई को 500 करोड़ रुपए से अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।
नई उद्योग नीति से युवाओं को अवसर
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि नई उद्योग नीति में एससी-एसटी, महिलाओं, आत्मसमर्पित नक्सलियों और सेवानिवृत्त अग्निवीरों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। एक साल में करीब 8 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ है और धरातल पर काम भी शुरू हो चुका है।
युवा रत्न विजेताओं ने साझा किए अनुभव
- पीयूष जायसवाल (रायगढ़) ने बताया कि वे 12 साल की उम्र से लेखन कर रहे हैं और आज दुनिया के सबसे कम उम्र के एस्ट्रो साइंटिस्ट हैं।
- शिल्पा साहू (कांकेर) ने महिला स्वास्थ्य और माहवारी जागरूकता पर अपने कार्य साझा किए।
- मृणाल विदानी (महासमुंद) ने फॉरेंसिक विज्ञान में स्थानीय संसाधनों से किए गए नवाचारों की जानकारी दी।
- परिधि शर्मा ने विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष सुआ गीत प्रस्तुत करने का अनुभव साझा किया।
- कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने दूरस्थ क्षेत्रों में खेल हॉस्टल की मांग रखी।
- सचिन कुनहरे ने छत्तीसगढ़ की शास्त्रीय नृत्य परंपरा को आगे बढ़ाने की बात कही।
- लोक गायिका आरू ओजस्वी साहू ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों को नए अंदाज में प्रस्तुत करने की इच्छा जताई।
खेल और संस्कृति को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने बताया कि खेलो इंडिया के तहत ट्राइबल गेम्स का आयोजन किया जाएगा। ओलंपिक में प्रतिभाग करने पर 21 लाख, स्वर्ण पदक पर 3 करोड़, रजत पर 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इन युवाओं को मिला छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान
राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया, जिनमें पीयूष जायसवाल, शिल्पा साहू, अमित यादव, मृणाल विदानी, परिधि शर्मा, संजू देवी, सचिन कुनहरे, आरू साहू और स्टार सेवा समिति (धमतरी) शामिल हैं।





