July 23, 2026

कोरबा में ऐन वक्त पर रुकी बाल विवाह: 13 साल की लड़की और 15 साल के लड़के की शादी प्रशासन ने रुकवाई

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रशासन ने समय रहते एक बाल विवाह रुकवाकर बड़ी कार्रवाई की। यहां 13 वर्षीय नाबालिग लड़की और 15 वर्षीय नाबालिग लड़के की शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। मंडप सज चुका था और बारात भी पहुंच गई थी, लेकिन सूचना मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग और मानिकपुर चौकी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया।

बारात पहुंचने के बाद पहुंची प्रशासन की टीम

जानकारी के अनुसार, चिमनीभठा वार्ड क्रमांक-14 के रहने वाले दोनों नाबालिग एक-दूसरे को पसंद करते थे। उनकी जिद के आगे झुकते हुए परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह कराने का निर्णय लिया था। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और बारात भी पहुंच गई थी। इसी दौरान किसी ने बाल विवाह की सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग को दे दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची, जिससे वहां मौजूद परिजनों और मेहमानों में हड़कंप मच गया।

समझाइश के बाद रुकी शादी

महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने दोनों परिवारों को बाल विवाह निषेध कानून और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। टीम की समझाइश और कानूनी कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्ष विवाह रोकने पर सहमत हो गए। इसके बाद नाबालिग दूल्हा और दुल्हन अपने-अपने घर लौट गए।

आंगनबाड़ी तंत्र पर भी उठे सवाल

इस मामले में यह बात भी सामने आई कि वार्ड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को विवाह की तैयारियों की जानकारी नहीं थी। इससे स्थानीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

अधिकारी ने दी जानकारी

महिला एवं बाल विकास अधिकारी बसंत मिंज ने बताया कि बाल विवाह की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस की सहायता से विवाह रुकवाया गया। साथ ही दोनों परिवारों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने की समझाइश दी गई।