July 23, 2026

चित्रकोट में रील बनाने के लिए सर्किट हाउस की छत पर चढ़ी महिला, वीडियो वायरल होने पर उठे सुरक्षा पर सवाल

जगदलपुर। बस्तर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट में रील बनाने की सनक का एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए सर्किट हाउस की छत पर चढ़कर रील बनाई और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, चित्रकोट स्थित सर्किट हाउस में अक्सर सरकारी अधिकारियों और वीआईपी मेहमानों का आवागमन रहता है। ऐसे में परिसर की सुरक्षा पुलिस और संबंधित विभाग के जिम्मे होती है। इसके बावजूद महिला का छत तक पहुंचना और वहां वीडियो बनाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो

महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सर्किट हाउस की छत से बनाए गए कई वीडियो साझा किए हैं। एक वीडियो में वह छत पर डांस करते हुए रील बनाती नजर आ रही है, जबकि दूसरे वीडियो में उसके साथ कुछ अन्य युवक भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

सुरक्षा और लापरवाही पर उठे सवाल

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि महिला को प्रतिबंधित क्षेत्र की छत तक पहुंचने की अनुमति किसने दी। यदि रील बनाते समय उसका पैर फिसल जाता और कोई हादसा हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती? फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और मामले की जांच की मांग की है।