July 31, 2026

Chitrakote Waterfall: 10 करोड़ की लेजर लाइट परियोजना अंधेरे में, वर्षों बाद भी शुरू नहीं हुआ नाइट टूरिज्म

जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात में नाइट टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की गई लेजर लाइट परियोजना वर्षों बाद भी शुरू नहीं हो सकी है। कई बार ट्रायल होने के बावजूद यह महत्वाकांक्षी योजना आज तक नियमित संचालन में नहीं आ पाई, जिससे करोड़ों रुपये की परियोजना सवालों के घेरे में आ गई है।

हैंडओवर नहीं होने से ठप पड़ी परियोजना

जानकारी के अनुसार, लेजर लाइट सिस्टम लगाने वाली एजेंसी ने परियोजना को किसी भी विभाग को आधिकारिक रूप से हैंडओवर नहीं किया। इसके चलते रखरखाव नहीं हो सका और समय के साथ कई लाइटें व अन्य उपकरण गायब हो गए। लेजर शो में उपयोग होने वाली बैटरियां भी अब मौके पर मौजूद नहीं हैं।

उद्घाटन तक नहीं हो सका

हैरानी की बात यह है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद इस परियोजना का आज तक औपचारिक उद्घाटन भी नहीं किया गया। वर्तमान में जलप्रपात परिसर में केवल लाइट पोल दिखाई देते हैं, लेकिन उन पर रोशनी नहीं जलती।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी

पर्यटकों का कहना है कि यदि लेजर शो शुरू हो जाए तो चित्रकोट जलप्रपात की खूबसूरती रात के समय भी देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर सकती है। वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि करोड़ों रुपये की परियोजना का वर्षों तक बंद रहना सरकारी संसाधनों की बर्बादी है।

विधायक ने मांगी जानकारी

चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने मामले पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग से पूरी जानकारी लेने और स्थिति स्पष्ट कराने की बात कही है। अब सवाल यह है कि आखिर करोड़ों रुपये की यह नाइट टूरिज्म परियोजना कब शुरू होगी और पर्यटकों को लेजर शो का लाभ मिल पाएगा।