May 14, 2026

10वीं में फेल होने पर छात्र ने लगाई फांसी, बालोद में मचा मातम

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा में फेल होने से आहत एक 17 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा की है, जहां इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है।

मृतक की पहचान राजवीर बघेल के रूप में हुई है, जो इस वर्ष दूसरी बार 10वीं की परीक्षा में शामिल हुआ था। उसे उम्मीद थी कि इस बार वह पास हो जाएगा, लेकिन परिणाम निराशाजनक आने के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में चला गया।

परिजनों के अनुसार, राजवीर ने साल 2025 में भी परीक्षा दी थी, जिसमें वह 6 विषयों में फेल हुआ था। परिवार ने उसका हौसला बढ़ाते हुए उसे दोबारा परीक्षा दिलाई और भविष्य को लेकर कई आश्वासन भी दिए थे। इस साल भी वह 5 विषयों में अनुत्तीर्ण रहा, जिससे वह काफी परेशान था।

बताया जा रहा है कि रिजल्ट आने के बाद से ही राजवीर उदास रहने लगा था। वह हाल ही में अपनी मौसी के घर शादी में गया हुआ था और वहीं से लौटने के बाद यह घटना हुई। शुक्रवार सुबह जब उसका कमरा बंद मिला, तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां वह फांसी के फंदे पर लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण परीक्षा में असफलता से उत्पन्न मानसिक तनाव माना जा रहा है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।