July 23, 2026

बेमेतरा सामूहिक विवाह में अव्यवस्था पर CM साय की सफाई, कहा- मौसम बिगड़ने पर मेरी सहमति से बदला गया था आयोजन स्थल

रायपुर। बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था को लेकर उठे सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मौसम में अचानक बदलाव आने के कारण कलेक्टर ने उनकी सहमति से आयोजन स्थल बदला था। साथ ही मामले की जांच के लिए संभागायुक्त (कमिश्नर) को निर्देश दिए गए हैं।

मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने बताया कि बेमेतरा में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में स्थानीय विधायक दीपेश साहू का विवाह भी संपन्न हुआ, जिससे समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक व्यवस्था टेंट-पंडाल में की गई थी, लेकिन मौसम खराब होने से व्यवस्था प्रभावित हो गई।

मुख्यमंत्री के अनुसार, वैकल्पिक स्थल के रूप में पुराने विश्राम गृह और महेश्वरी समाज भवन पर विचार किया गया। कलेक्टर ने इस संबंध में उनसे चर्चा की थी और उनकी सहमति के बाद ही आयोजन को दूसरे स्थल पर स्थानांतरित किया गया।

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की नाराजगी भी चर्चा में रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए अब जांच के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं सरगुजा जिले के मैनपाट में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद के बाद तहसीलदारों की प्रस्तावित हड़ताल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के बीच बातचीत जारी है तथा जल्द समाधान निकाल लिया जाएगा।