July 23, 2026

CM हेल्पलाइन-1076 का असर: एक महीने में 42,653 शिकायतों का निराकरण, 13,600 लोगों ने जताई संतुष्टि

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 ने संचालन के पहले ही महीने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 13 जुलाई 2026 तक हेल्पलाइन के माध्यम से 42,653 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया है। इनमें 13,600 शिकायतकर्ताओं ने समाधान से संतुष्ट होकर स्वयं सकारात्मक अभिमत के साथ अपने प्रकरण बंद कराए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 आमजन और शासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर उभर रही है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन-1076 का अधिक से अधिक उपयोग करें और इसकी जानकारी अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।

24×7 संचालित होती है हेल्पलाइन

मुख्यमंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित कार्यप्रणाली का सशक्त उदाहरण है। यह सेवा सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे संचालित होती है। शिकायतों के पंजीयन और मॉनिटरिंग के लिए समर्पित कॉल सेंटर स्थापित किया गया है, जबकि तहसीलदार से लेकर सचिव स्तर तक करीब 8 हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं, जिससे शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

एक फोन कॉल पर दर्ज होती है शिकायत

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था विकसित कर रही है, जहां नागरिकों को अपनी समस्या लेकर कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अब केवल एक फोन कॉल के माध्यम से शिकायत दर्ज होती है, उसकी लगातार निगरानी की जाती है और निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाता है। इससे शासन और जनता के बीच संवाद अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी हुआ है।

इन विभागों में सबसे अधिक शिकायतें

विभागवार आंकड़ों के अनुसार ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित शिकायतें सबसे अधिक प्राप्त हुईं। वहीं समाधान के मामले में भी इन विभागों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए क्रमशः 3,066, 2,530 और 1,314 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया।

सरकार का कहना है कि “समस्या तुंहर, समाधान हमर” की भावना के साथ संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।