July 23, 2026

मुख्यमंत्री किसान संवाद में बोले सीएम साय: नई तकनीक, ड्रोन और जैविक खेती से बढ़ेगी किसानों की आय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और किसान हितैषी नीतियों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और सम्मानजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। रायपुर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री किसान संवाद’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए किसानों से चर्चा करते हुए उन्होंने खेती-किसानी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और किसानों के सुझावों पर विस्तार से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं, इसलिए किसानों की जरूरतों और चुनौतियों को करीब से समझते हैं। उन्होंने बताया कि पहले खेती पूरी तरह वर्षा पर निर्भर थी, लेकिन आज आधुनिक मशीनों, वैज्ञानिक पद्धतियों और नई तकनीकों के उपयोग से कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, सिंचाई सुविधाएं, उन्नत बीज और कृषि यंत्रीकरण जैसी योजनाओं से किसानों को आर्थिक मजबूती मिली है।

कार्यक्रम में ड्रोन दीदियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रोन तकनीक के जरिए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का छिड़काव कम समय और कम लागत में अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकता है। इससे खेती आधुनिक और वैज्ञानिक बन रही है, वहीं महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जैविक खेती, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी को भविष्य की जरूरत बताते हुए किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे उत्पादन बढ़ने के साथ मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित होता है।

उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि आगामी खरीफ सीजन के लिए खाद और बीज की पर्याप्त व्यवस्था की गई है तथा कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है।

कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों ने अमरूद, ड्रैगन फ्रूट, मौसंबी, पपीता और आम की उन्नत खेती के अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने फसल विविधीकरण को किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए बागवानी, जैविक खेती और कृषि नवाचारों को अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि आज का युवा खेती को केवल परंपरा नहीं बल्कि एक आधुनिक उद्यम के रूप में देख रहा है। राज्य सरकार कृषि आधारित कौशल विकास, ड्रोन संचालन, कृषि मशीनरी और कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रही है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने किसानों से नई तकनीकों और नवाचारों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक ही किसानों की समृद्धि और बेहतर आय का आधार बनेगी।