September 4, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर CM साय की बड़ी घोषणा, टाउन हॉल और शहीद स्मारक के रेनोवेशन के लिए 50-50 लाख रुपए

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने टाउन हॉल के रेनोवेशन के लिए 50 लाख रुपए और छत्तीसगढ़ के अमर शहीदों की स्मृति में बनाए गए शहीद स्मारक के रेनोवेशन के लिए भी 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को दर्शाती प्रदर्शनी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस भव्यता और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। टाउन हॉल में आयोजित चित्र प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान और उनके जीवन परिचय को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

यह प्रदर्शनी 15 अगस्त से 21 अगस्त तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे प्रदर्शनी देखने जरूर आएं। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को स्वतंत्रता संग्राम और छत्तीसगढ़ के वीर सेनानियों के योगदान के बारे में जानकारी मिलेगी तथा नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

टाउन हॉल के रेनोवेशन के लिए 50 लाख की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने टाउन हॉल की ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भवन शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। हालांकि, समय के साथ इसमें रेनोवेशन की आवश्यकता महसूस हो रही है।

इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टाउन हॉल के रेनोवेशन के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भवन का आवश्यक जीर्णोद्धार कराया जाएगा, जिससे इसकी ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखा जा सके।

शहीद स्मारक के लिए भी 50 लाख रुपए

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के अमर शहीदों की स्मृति में बनाए गए शहीद स्मारक के रेनोवेशन के लिए भी 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक में भी आवश्यक सुधार और रेनोवेशन की जरूरत है, जिसे पूरा कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री की दोनों घोषणाओं से टाउन हॉल और शहीद स्मारक के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण को गति मिलने की उम्मीद है। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर आधारित यह प्रदर्शनी प्रदेशवासियों, खासकर युवाओं को छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता आंदोलन और वीर सेनानियों के योगदान से रूबरू कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।