March 3, 2026

मकर संक्रांति पर सीएम विष्णु देव साय की अपील, चीनी मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित, सुरक्षा से न करें समझौता

रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों से पतंगों के इस उल्लासपूर्ण त्योहार को सुरक्षित, जिम्मेदार और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहार के आसपास चीनी मांझा से होने वाली दुर्घटनाओं की खबरें अत्यंत चिंताजनक हैं, इसलिए इसका उपयोग पूरी तरह से वर्जित है।

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि चीनी मांझा प्रतिबंधित है और इसका प्रयोग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आम नागरिकों, राहगीरों और पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए।

जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया है कि चीनी मांझा के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि नागरिकों को इसके खतरों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की पूरी जानकारी मिल सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

परंपरा, आनंद और सुरक्षा का रखें संतुलन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मकर संक्रांति के पावन अवसर पर परंपरा, आनंद और सुरक्षा—तीनों का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से मिलकर इस पर्व को हर्ष, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ मनाने की अपील की।