September 4, 2026

CM साय समेत तीन नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी, पुलिस ने दर्ज किया अपराध

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। राष्ट्रवादी विचारक वीरेंद्र दुबे की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

शिकायत के अनुसार, सागर निर्मलकर नामक इंस्टाग्राम आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया गया था। आरोप है कि इस पोस्ट पर @quail.3131469 नामक आईडी से अश्लील और आपत्तिजनक गालियों का इस्तेमाल करते हुए कमेंट किए गए। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 353(2) और 356 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, संबंधित अकाउंट और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक मामले में जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।