January 17, 2026

राजिम भक्तिन माता व माता कर्मा के संदेश मानव समाज के लिए कल्याणकारी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

राजिम। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राजिम भक्तिन माता और माता कर्मा द्वारा दिए गए संदेश मानव समाज के लिए अत्यंत कल्याणकारी हैं और हमें उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। मुख्यमंत्री आज राजिम के त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भगवान राजीव लोचन एवं भक्त माता राजिम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने साहू सृजन पत्रिका का विमोचन भी किया। साहू समाज द्वारा मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने राजिम माता भक्ति जयंती की बधाई देते हुए कहा कि साहू समाज एक समृद्ध, शिक्षित और संगठित समाज है, जिसका इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह और बाबा सत्यनारायण जी के आशीर्वाद से यह समाज निरंतर आगे बढ़ रहा है। जब समाज एकजुट होता है तो न केवल समाज, बल्कि प्रदेश और देश भी सशक्त और समृद्ध बनते हैं।

मुख्यमंत्री ने साहू समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह को अनुकरणीय पहल बताया और कहा कि राजिम माता के त्याग और परिश्रम से संगठित यह समाज आज शिक्षा, कृषि, व्यवसाय सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज, वन और उर्वरता से परिपूर्ण राज्य है। नक्सलवाद के खिलाफ जवान पूरी ताकत से लड़ रहे हैं और हमारा संकल्प है कि 31 मार्च तक बस्तर को नक्सल मुक्त किया जाएगा। राज्य के विकास में बाधक नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है और छत्तीसगढ़ को समृद्धि की दिशा में आगे ले जाया जाएगा।

समाज के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि साहू समाज एक संगठित समाज के रूप में जाना जाता है। त्रिवेणी संगम की इस पावन भूमि से सभी को प्रेरणा लेकर समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने सिरकट्टी आश्रम में भव्य राम-जानकी मंदिर में धर्म ध्वजा स्थापना को ऐतिहासिक और पुण्य अवसर बताया।

शिक्षा और संस्कार जरूरी : तोखन साहू

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि माता राजिम भक्तिन त्याग, तपस्या, साधना और श्रम की प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए अपने पुरखों के योगदान को याद करना, शिक्षा और संस्कार को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में साहू समाज के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।