May 14, 2026

CM साय पहुंचे ग्रामीण के गृह प्रवेश में, सादगी और आत्मीयता से जीता दिल

रायपुर/कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के ग्राम लोखान में आज एक बेहद भावनात्मक और आत्मीय दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक ग्रामीण के सादे निमंत्रण को स्वीकार कर उसे यादगार बना दिया।

ग्रामीण के बुलावे पर घर पहुंचे मुख्यमंत्री
ग्राम लोखान निवासी मोहन मरावी अपने नए पक्के घर के गृह प्रवेश कार्यक्रम की तैयारी में थे। मुख्यमंत्री के गांव में होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने सीधे जाकर उन्हें अपने घर आने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने इस निमंत्रण को सहजता से स्वीकार किया और उनके घर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हुए।

न्योता स्वीकार कर ग्रामीण के घर पहुंचे सीएम साय, कराया गृह प्रवेश, पूछा “आवास कोन भेजिस?, मोहन मरावी बोले- पीएम मोदी”

पूजा-अर्चना कर कराया गृह प्रवेश
मुख्यमंत्री के पहुंचते ही पूरे घर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। उन्होंने नारियल फोड़कर, दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गृह प्रवेश की रस्म संपन्न कराई। इस दौरान परिवार के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। आसपास के ग्रामीण भी इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में जुटे।

“आवास कौन भेजिस?”—संवाद बना चर्चा का विषय
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए मोहन मरावी से पूछा—“आवास कोन भेजिस?” जिस पर उन्होंने जवाब दिया—“पीएम मोदी ने।” यह छोटा-सा संवाद पूरे माहौल को भावनात्मक बना गया और योजनाओं के जमीनी असर को दर्शाता नजर आया।

मेहनत से खड़ा किया चार कमरों का घर
मोहन मरावी ने बताया कि उनका घर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली राशि और अपनी मेहनत से तैयार हुआ है। पहले उनका घर कच्चा था, लेकिन 2024–25 में आवास स्वीकृत होने के बाद उन्होंने खुद ईंट बनाकर चार कमरों का पक्का घर तैयार किया।

मुख्यमंत्री ने की सराहना
मुख्यमंत्री साय ने घर की गुणवत्ता और निर्माण में लगी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जब शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं और उसमें लोगों की भागीदारी जुड़ती है, तभी वास्तविक विकास दिखाई देता है।

उन्होंने मोहन मरावी और उनके परिवार को नए घर की बधाई दी और इसे आत्मनिर्भरता व जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।