मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। दौरे से पहले वे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल माध्यम से राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।
बिलासपुर जिले के तखतपुर में वे गौ पूजा करेंगे, व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और ग्रामीणों से चर्चा भी करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे बिलासपुर से “गौधाम योजना” का शुभारंभ करेंगे और पशुपालन सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 5 बजे बिलासपुर से रायपुर लौटेंगे और शाम 6 बजे नवा रायपुर में आयोजित “आदि परब 2026” कार्यक्रम में शामिल होंगे।
29 गौधामों का होगा उद्घाटन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर से गौधाम योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत प्रदेश में 29 गौधामों का उद्घाटन किया जाएगा। सरकार ने घुमंतू और निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए प्रदेशभर में 1460 गौधाम स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। प्रत्येक गौधाम में करीब 200 गौवंश को रखने की व्यवस्था की जाएगी।
नवरात्रि में डोंगरगढ़ में ट्रेनों का ठहराव
चैत्र नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। 19 से 27 मार्च तक 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव डोंगरगढ़ स्टेशन पर रहेगा।
इनमें बिलासपुर–भगत की कोठी, भगत की कोठी–बिलासपुर, बिलासपुर–बीकानेर, बीकानेर–बिलासपुर, बिलासपुर–चेन्नई, चेन्नई–बिलासपुर, बिलासपुर–पुणे, पुणे–बिलासपुर, रायपुर–सिकंदराबाद और सिकंदराबाद–रायपुर एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
इसके अलावा गोंदिया–दुर्ग मेमू ट्रेन को रायपुर तक और रायपुर–डोंगरगढ़ मेमू को गोंदिया तक विस्तारित किया गया है। डोंगरगढ़ और दुर्ग के बीच मेमू स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।
रायपुर में 3 दिन बंद रहेंगी मांस-मटन दुकानें
रायपुर नगर निगम ने आगामी धार्मिक पर्वों को देखते हुए 20, 27 और 31 मार्च 2026 को शहर में मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
- 20 मार्च: चेट्रीचंड
- 27 मार्च: रामनवमी
- 31 मार्च: महावीर जयंती
इन दिनों शहर में पशु वध गृह सहित सभी मांस-मटन दुकानों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
रायपुर में आज के प्रमुख आयोजन
राजधानी रायपुर में आज कई सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एकल चित्रकला प्रदर्शनी:
चित्रकार विजय वरठे की प्रदर्शनी संस्कृति विभाग की आर्ट गैलरी (घड़ी चौक के पास) में शाम 4 बजे से शुरू होगी।
टेक्सचर आर्ट वर्कशॉप:
रोटरी क्लब ऑफ ऐलिगेंस द्वारा होटल सयाजी में शाम 4 से 6 बजे तक आयोजन किया जाएगा।
नाट्य प्रस्तुति:
महाराष्ट्र मंडल द्वारा संत ज्ञानेश्वर सभागृह में महान महिलाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुति अपरान्ह 3:30 बजे से आयोजित होगी।





