बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को बिलासपुर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सुशासन तिहार के तहत 134 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 68 लाख महिलाओं के खातों में 642 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 80 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को उनके आवास की चाबियां सौंपीं। उन्होंने एसईसीएल के सीएसआर मद से बनने वाले बहुउद्देशीय वृद्धाश्रम और दिव्यांगजन शिक्षण-प्रशिक्षण केंद्र का शिलान्यास भी किया।
इसके अलावा जिला अस्पताल में 4.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उनकी सरकार की पहचान सुशासन, विकास और जनकल्याण है। सरकार लगातार जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं की समीक्षा कर रही है और विकास कार्यों को गति दे रही है। कार्यक्रम को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बेलतरा महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय सखाराम सूर्यवंशी के नाम पर करने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र में पांच नए मंगल भवनों के निर्माण की भी घोषणा की गई।





