March 4, 2026

बलौदाबाजार फैक्ट्री ब्लास्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा बयान, 6 श्रमिकों की मौत पर जताया गहरा दुख

रायपुर:
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के बकुलाही स्थित आयरन फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट की घटना को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया है। इस दर्दनाक हादसे में 6 श्रमिकों की असमय मौत हो गई, जबकि 5 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

पीड़ित परिवारों के साथ सरकार खड़ी

मुख्यमंत्री साय ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने कहा, “शोकाकुल परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। सरकार पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ेगी।”

घायलों के इलाज में न हो कोई कमी

सीएम साय ने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और उन्हें सर्वोत्तम एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

हादसे की होगी तथ्यपरक जांच

मुख्यमंत्री ने इस हादसे के कारणों की गंभीर और तथ्यपरक जांच के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुरक्षा नियमों पर सख्ती के संकेत

सीएम साय ने कहा कि उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों की जान से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बलौदाबाजार फैक्ट्री हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं सरकार की ओर से कड़ी निगरानी और कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।