May 15, 2026

जशपुर दौरे पर रहेंगे सीएम साय, आज कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

CG Morning News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 10:40 बजे रायपुर से जशपुर के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12 बजे रणजीता स्टेडियम पहुंचकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के तहत विभिन्न कार्यों का शिलान्यास एवं शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे वे पटेल कल्याण संघ के कार्यक्रम में शामिल होकर समाज के पदाधिकारियों से संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री साय दोपहर करीब 2:30 बजे ‘सियान गुड़ी’ कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। इसके पश्चात वे स्वर्गीय जगेश्वर राम भगत के ग्राम कोमड़ो स्थित निवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगे। शाम 5 बजे मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे और शाम 6:30 बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित ‘फर्स्ट छत्तीसगढ़ डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग 2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आज दोपहर 12 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की प्रेसवार्ता आयोजित की जाएगी। इस दौरान वेदांता प्लांट हादसा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी मौजूद रहेंगे।

इधर, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के असहयोग आंदोलन के तहत आज प्रदेशभर में निजी स्कूलों के शिक्षक और संचालक काली पट्टी बांधकर काम करेंगे। एसोसिएशन ने आरटीई के तहत प्रतिपूर्ति राशि के पुनर्निर्धारण की मांग तेज कर दी है। उनका कहना है कि वर्ष 2011 से अब तक राशि में संशोधन नहीं किया गया है।

प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए अस्पतालों में दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक, ठंडे पानी की व्यवस्था तथा कूलर-पंखों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा है। लू और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

वहीं, रेलवे ने निपनिया-भाटापारा सेक्शन में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद 17 और 19 अप्रैल से प्रभावित पैसेंजर ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।