रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह राजधानी रायपुर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए और नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के भवन निर्माण के लिए प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शपथ लेने वाले प्रदेश अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी, कार्यकारी अध्यक्ष थान सिंह दीवान, महासचिव शिवकुमार कंवर, कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह कंवर समेत अन्य पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कंवर समाज पूरे देश में तेजी से एकजुट हो रहा है। समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों से उम्मीद है कि वे समाज को आगे बढ़ाने और विकास की गति को तेज करने के लिए काम करेंगे।
भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के भवन निर्माण के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में आर्थिक मदद की घोषणा की। इसमें रायपुर में समाज भवन के लिए 70 लाख रुपये, राजनांदगांव में 25 लाख रुपये, टीमोरा में 10 लाख रुपये, खैरझीटी में 10 लाख रुपये, नरकोरा महासमुंद में 10 लाख रुपये, झलफ खल्लारी में 20 लाख रुपये और गरियाबंद में भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के विकास में किसी तरह की रुकावट न आए, इसके लिए सरकार की ओर से विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से समाज के विकास और एकजुटता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
शिक्षा और सामाजिक विकास पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नंद कुमार साय ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समाज को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इस दिशा में विशेष प्रयास किए जाने चाहिए।
नंद कुमार साय ने कहा कि वे पहले लगातार यह बात कहते रहे कि कंवर समाज से प्रदेश का मुख्यमंत्री होना चाहिए। आज विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री बनने से समाज की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 42 जनजातियां हैं और सरकार सभी समाजों की उन्नति एवं शिक्षा के लिए काम कर रही है, लेकिन समाज की भी अपनी जिम्मेदारी है।





