May 14, 2026

सुशासन तिहार में CM साय ने उठाई तगारी: श्रमिकों संग ईंट जोड़ाई कर दिया बड़ा संदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के तहत चल रहे औचक निरीक्षण और जनसंवाद के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। कबीरधाम जिले के ग्राम लोखन में निर्माणाधीन पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल कार्यों की समीक्षा की, बल्कि खुद श्रमिकों के साथ काम में हाथ बंटाकर सुशासन का एक जीवंत उदाहरण पेश किया।

मुख्यमंत्री साय निरीक्षण के दौरान सीधे “रानी मिस्त्री” के रूप में काम कर रहीं महिला श्रमिकों के बीच पहुंच गए और उनके साथ ईंट जोड़ाई करने लगे। इस दौरान वहां मौजूद श्रमिकों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री का यह सहज और आत्मीय व्यवहार चर्चा का विषय बन गया।

श्रमिक बहन की सीख, CM ने मुस्कुराकर मानी
इसी दौरान श्रमिक बहन संगीता ने हंसी-ठिठोली के बीच मुख्यमंत्री से कहा—“ईंट जोड़ाई अच्छे से करिए, मसाला बढ़िया से डालिए।” यह सुनकर मुख्यमंत्री भी मुस्कुरा दिए और पूरी तन्मयता से काम करने लगे। यह संवाद सिर्फ एक मजाक नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच बढ़ते विश्वास और अपनत्व की झलक बन गया।

“सुशासन का मतलब जमीन पर उतरना”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर आम लोगों के साथ मिलकर लागू करना ही असली सुशासन है। उन्होंने कहा कि जब शासन और जनता के बीच सीधा संवाद और सहभागिता होती है, तभी विकास की प्रक्रिया प्रभावी बनती है।

अधिकारियों को सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कोई कमी न हो। सभी कार्य समयसीमा में पूरे किए जाएं और श्रमिकों के लिए पेयजल, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

सुशासन तिहार बना भरोसे का सेतु
सुशासन तिहार के इस आयोजन ने एक बार फिर यह दिखाया कि छत्तीसगढ़ में शासन केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और जनसहभागिता पर आधारित व्यवस्था बन चुका है। मुख्यमंत्री का यह दौरा इस बात का प्रतीक बना कि सरकार और जनता के बीच दूरी घट रही है और विकास अब साझेदारी के साथ आगे बढ़ रहा है।