May 18, 2026

मिडिल-ईस्ट संकट पर अलर्ट: सीएम साय ने ली उच्चस्तरीय बैठक, कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। विष्णु देव साय ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर के कमिश्नर, आईजी और जिला कलेक्टरों के साथ अहम बैठक की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडरों की आपूर्ति किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए और पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए।

सीएम साय ने यह भी कहा कि वर्तमान वैश्विक हालात का फायदा उठाकर आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने और दोषियों पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही आम जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी से बचें।

इस उच्चस्तरीय बैठक में विकास शील, सुबोध कुमार सिंह, अरुण देव गौतम, डॉ. बसवराजु एस, शहला निगार, डॉ. रोहित यादव, रीना बाबा साहेब कंगाले और रजत कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

इसके अलावा Indian Oil Corporation Limited, Bharat Petroleum Corporation Limited और Hindustan Petroleum Corporation Limited के पेट्रोल-डीजल और गैस डिवीजन के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

सरकार का फोकस साफ है—वैश्विक संकट के असर को प्रदेश में कम से कम रखना और आम जनता को राहत सुनिश्चित करना।