रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान स्वास्थ्य, चिकित्सा अधोसंरचना, औषधि एवं उर्वरक क्षेत्र सहित विभिन्न विभागीय और समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के नागरिकों को बेहतर उपचार और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हों, ताकि उन्हें इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।
बैठक में कृषि और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार निगरानी कर रही है। खरीफ सीजन को देखते हुए आवश्यक कृषि आदानों की आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद वितरण व्यवस्था में कालाबाजारी, जमाखोरी और लापरवाही पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री को यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। किसानों को इनके लाभों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ाने और खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने राज्य को स्वास्थ्य एवं विकास से जुड़े अन्य क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।





