September 4, 2026

CM साय ने सरगुजा के मेधावी छात्रों से की मुलाकात, कहा- बड़े सपने देखें और मेहनत से लक्ष्य हासिल करें

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार शाम अपने निवास कार्यालय में सरगुजा जिले के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर आए मेधावी छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय विद्यालयों के करीब 50 विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभव, रुचियों तथा भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान देखा गया सपना और उसे पूरा करने के लिए किया गया परिश्रम जीवन की दिशा तय करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सफलता के लिए अपनी प्रतिभा पहचानें

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफलता का मतलब केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनना नहीं है। आज युवाओं के लिए शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता सहित कई क्षेत्रों में बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। हर विद्यार्थी की अपनी प्रतिभा और रुचि होती है। जरूरत इस बात की है कि विद्यार्थी अपनी क्षमता को पहचाने, सही लक्ष्य निर्धारित करे और पूरी प्रतिबद्धता के साथ उसे हासिल करने में जुट जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की विभिन्न प्रतिभाओं और उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तित्वों के प्रेरक प्रसंग भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए।

ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है। आज राज्य में राष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हैं, जहां युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च और तकनीकी शिक्षा हासिल करने के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हों। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के मन में नई जिज्ञासा पैदा करने के साथ उनके सपनों को भी नया विस्तार देते हैं।

IIM और ट्रिपल आईटी समेत प्रमुख संस्थानों का किया भ्रमण

मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आयोजित शैक्षणिक भ्रमण की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों के बच्चों को प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से परिचित कराने और उन्हें भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक करने की यह पहल सराहनीय है।

शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला एवं करजी तथा शासकीय सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित विभिन्न प्रमुख संस्थानों एवं स्थलों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने इन संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी किया प्रेरित

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के पूरे जीवन की नींव होता है। जिस तरह मजबूत भवन के लिए मजबूत नींव जरूरी है, उसी तरह उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम और समय का सदुपयोग आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से इस महत्वपूर्ण समय का उपयोग अपने लक्ष्य को पहचानने, ज्ञान अर्जित करने और व्यक्तित्व निर्माण में करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री साय ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।