July 23, 2026

UPSC प्रीलिम्स में सफल 13 विद्यार्थियों से मिले सीएम साय, मुख्य परीक्षा के लिए किया उत्साहित

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफल हुए द्वारका ट्राइबल यूथ हॉस्टल के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन विद्यार्थियों की उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा कभी भी आर्थिक संसाधनों या पारिवारिक पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा के प्रथम चरण में सफलता हासिल की है।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति, संघर्ष और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने ट्राइबल यूथ हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं की सराहना करते हुए बताया कि राज्य सरकार की पहल ने उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास दिया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और समय प्रबंधन के साथ करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता और निरंतर प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल एक प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का प्रभावी माध्यम हैं। भविष्य में प्रशासनिक दायित्व निभाते समय संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपेक्षा भी उन्होंने विद्यार्थियों से की।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 सीटों से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है। इससे दूरस्थ वनांचल, जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राजधानी में रहकर UPSC सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिल रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे। दोनों मंत्रियों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रहे 13 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।