June 9, 2026

जांजगीर जिला जेल में कैदी का शव फांसी पर लटका मिला, एक दिन पहले ही दुष्कर्म मामले में हुआ था दाखिल

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की जिला जेल में एक कैदी का शव बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक और साइबर टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

मृतक की पहचान 21 वर्षीय दुवास राम केंवट के रूप में हुई है, जो कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के जवाली गांव का निवासी था। उसे 8 जून को नाबालिग बालिका के अपहरण और अनाचार के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

जानकारी के अनुसार, सुबह सफाईकर्मी जब बाथरूम की सफाई के लिए पहुंचे तो उन्होंने कैदी का शव उसके ही कपड़ों से बनाए गए फंदे के सहारे खिड़की से लटका देखा। इसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों को बुलाया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी अन्य परिस्थिति में मौत हुई है।

सीएसपी योगिता खापर्डे ने बताया कि दुवास राम को एक दिन पहले ही जेल में दाखिल किया गया था। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस घटना ने जेल सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की सूक्ष्मता से पड़ताल कर रही हैं।