July 23, 2026

CG Morning News: सीएम साय का रायपुर-दुर्ग दौरा आज, राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव और विशेष ग्राम सभाओं पर रहेगी नजर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण सरकारी और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। वे मुख्यमंत्री निवास में बैठक करने के बाद दुर्ग जिले के जामगांव (एम) में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में शामिल होंगे। इसके अलावा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) में आयोजित गौ सेवा संगम कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। वहीं प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सम्मानित छत्तीसगढ़ की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ भी चर्चा में रहेगी।

मुख्यमंत्री का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे दुर्ग जिले के जामगांव (एम) पहुंचकर राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 2:45 बजे वे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के कृषक सभागार में आयोजित गौ सेवा संगम कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जामगांव में होगा राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव

दुर्ग जिले के जामगांव (एम) में दोपहर 12 बजे से राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर उनका स्वागत करेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे।

प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा

छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में आज विशेष ग्राम सभा का आयोजन होगा। बैठक में ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM-G)’ पर चर्चा की जाएगी और पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को मंजूरी दी जाएगी। यह मिशन 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में लागू है। ग्राम सभा की अध्यक्षता के लिए प्रत्येक पंचायत में पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे तथा बैठक की रिपोर्ट संबंधित जिला कार्यालय को भेजी जाएगी।

‘राम-नामी’ डॉक्यूमेंट्री को राष्ट्रीय सम्मान

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ के रामनामी समुदाय की संस्कृति और विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला है। उन्होंने रामनामी समाज की परंपरा को प्रदेश की गौरवशाली लोक संस्कृति का प्रतीक बताया।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

रायपुर के गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम भवन में गुढ़ियारी माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा ‘रंगीला सावन’ प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से शुरू होगी, जहां सावन पर्व से जुड़े उत्पादों और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।