May 13, 2026

तीन राज्यों में BJP की जीत पर CM साय का बयान: “राष्ट्रवाद और सुशासन की जीत”

रायपुर। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी समेत तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस जीत को भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी की जागरूक, राष्ट्रनिष्ठ और विकासोन्मुख जनता ने जो जनादेश दिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने इस जीत के लिए जनता का हृदय से अभिनंदन करते हुए कहा कि यह परिणाम राष्ट्रवाद, सुशासन और “विकसित भारत” के संकल्प के प्रति लोगों की अटूट आस्था को दर्शाता है।

सीएम साय ने कहा कि असम और पुडुचेरी में दोबारा जनादेश मिलना और पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक सफलता हासिल करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने इसे तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और भय की राजनीति पर विकास और राष्ट्रहित की निर्णायक जीत बताया।

उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली यह सफलता पार्टी कार्यकर्ताओं के लंबे संघर्ष, त्याग और समर्पण का परिणाम है। जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की मेहनत ने ही इस जीत को संभव बनाया है।

मुख्यमंत्री ने इस जीत का श्रेय भाजपा के संगठनात्मक नेतृत्व को भी दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में संगठन ने मजबूती से काम किया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

अंत में सीएम साय ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह जीत आगे भी जनसेवा के प्रति समर्पण को और मजबूत करेगी।