September 6, 2026

CG Morning News: CM साय आज बिलासपुर-रायपुर में तीजा-पोरा तिहार में होंगे शामिल, नाना पटोले की प्रेस कॉन्फ्रेंस; लोकरंग पर्व का आगाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज, 6 सितंबर को राजनीतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से दिनभर हलचल रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर और रायपुर में आयोजित तीजा-पोरा तिहार के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। राजधानी में आज से तीन दिवसीय लोकरंग पर्व का भी शुभारंभ होगा।

मुख्यमंत्री साय का बिलासपुर और रायपुर दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 1:25 बजे रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे और 2:05 बजे बिलासपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वह बहतराई स्थित बी.आर. यादव इंडोर स्टेडियम में आयोजित तीजा तिहार कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री 3:45 बजे बिलासपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। शाम 6 बजे कबीर नगर स्थित दशहरा मैदान में आयोजित तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

नाना पटोले की प्रेस कॉन्फ्रेंस

रायपुर स्थित राजीव भवन में आज दोपहर 1 बजे कांग्रेस की पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी। महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत भी मौजूद रहेंगे। पत्रकार वार्ता में प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस अपना पक्ष रख सकती है।

रायपुर में आज से लोकरंग पर्व का शुभारंभ

छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को मंच देने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग द्वारा तीन दिवसीय ‘लोकरंग पर्व’ का आयोजन किया जा रहा है।

यह आयोजन 6, 7 और 8 सितंबर को रायपुर के महंत घासीदास संग्रहालय परिसर स्थित मुक्ताकाशी मंच में होगा। कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 7 बजे शुरू होगा।

लोकरंग पर्व में भरथरी, पंडवानी, लोरिकचंदा, नाचा और गम्मत की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा सुआ, करमा और पंथी जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों के साथ बांसगीत, देवारगीत, ददरिया और जसगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी।

आकाशवाणी में ‘जिले की चिट्ठी’

आकाशवाणी रायपुर के कार्यक्रम ‘जिले की चिट्ठी’ में आज श्रोताओं को रायगढ़ जिले की प्रमुख गतिविधियों और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। यह कार्यक्रम शाम 6:05 बजे प्रसारित होगा और प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से रिले किया जाएगा।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

तपस्वियों के सम्मान में मेहंदी सांझ

आयोजक: आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास समिति
स्थान: श्रीजिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी, एमजी रोड
समय: दोपहर 2 बजे से

भव्य पारणा एवं वरघोड़ा

आयोजक: श्रीविमलनाथ जैन श्वेताम्बर चातुर्मास समिति
स्थान: श्रीनाकोड़ा भैरव सोसायटी स्थित हीर सूरी भवन
समय: वरघोड़ा सुबह 9 बजे आम्रपाली स्थित शांति गुरु मंदिर से, पारणा सुबह 11 बजे से

तीज महोत्सव

आयोजक: वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन छत्तीसगढ़ एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद
स्थान: वृंदावन हॉल, सिविल लाइन
समय: दोपहर 2 बजे से