रायपुर। कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार और वीरू सिंह गहरवार की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है, पुलिस जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर से सूरजपुर दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून के अनुसार सभी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि मंगलवार को कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेताओं के बीच विवाद हुआ था, जो रात में खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी। घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके रिश्तेदार वीरू सिंह गहरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं तीन अन्य घायल अंबिकापुर अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे सूरजपुर में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा गरियाबंद जिले में करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे।
चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा राशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
विधानसभा के आगामी सत्र को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का काम सवाल उठाना है और वे अपना राजनीतिक दायित्व निभा रहे हैं।





