रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के बाद शनिवार को रायपुर लौट आए। दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के विकास, निवेश और अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर चर्चा हुई।
व्यापार-उद्योग में निवेश की बड़ी संभावनाएं
रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री साय ने अपने दिल्ली प्रवास की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रदेश में 800 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है। आने वाले समय में भी राज्य में निवेश के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। सरकार का फोकस उद्योगों के विस्तार के साथ प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर है।
बिहार CM को छत्तीसगढ़ आने का न्योता
मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली प्रवास के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया। सीएम साय ने कहा कि सभी मंत्रियों को छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया गया है और वे जल्द ही प्रदेश का दौरा करेंगे।
पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत
वहीं, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में हुए पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मामले की जांच जारी है। पुलिस अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति पेपर लीक मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार परीक्षा की पारदर्शिता और विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।





