रायपुर। छत्तीसगढ़ के हालिया नगर पंचायत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सहसपुर लोहारा, बम्हनीडीह और शिवनंदनपुर नगर पंचायतों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत जनता के सुशासन, विकास और जनकल्याणकारी नीतियों पर भरोसे का स्पष्ट प्रमाण है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि तीनों नगर पंचायतों में भाजपा को मिला जनादेश यह दर्शाता है कि प्रदेश की जनता विकास और सुशासन की राजनीति को लगातार समर्थन दे रही है। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत की, जिसका सकारात्मक परिणाम चुनाव में देखने को मिला। उन्होंने इस जीत को संगठन की ताकत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं पर जनता की मुहर बताया।
उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास भाजपा सरकार की जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। सरकार प्रदेश के विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जनादेश सेवा, जवाबदेही और विकास के प्रति सरकार के संकल्प को और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री साय ने सभी विजयी अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसेवा और विकास के नए मानक स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि राज्य में हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय उपचुनावों में भाजपा ने सहसपुर लोहारा, बम्हनीडीह और शिवनंदनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है, जबकि अन्य दो नगर पंचायतों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने सफलता हासिल की है। चुनाव परिणामों के बाद प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।





