July 23, 2026

वंदे मातरम विवाद पर CM साय का कांग्रेस पर हमला, बोले- भारत माता का अपमान देश नहीं करेगा बर्दाश्त

रायपुर। केरल में वंदे मातरम के कथित अपमान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे किसी भी व्यक्ति या दल को बर्दाश्त नहीं करेगी, जो वंदे मातरम या भारत माता का अपमान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्हें “भारत माता की जय” बोलने में परहेज है, उनका देश में क्या हश्र हो रहा है, यह पूरा देश देख रहा है।

क्या है मामला ?
दरअसल, केरल विधानसभा सत्र के दौरान पुलिस बैंड द्वारा वंदे मातरम का केवल शुरुआती हिस्सा बजाया गया। लोक भवन की ओर से पूर्वाभ्यास में पूरा राष्ट्रगीत बजाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन राज्य सरकार ने पुरानी परंपरा का हवाला देते हुए केवल शुरुआती अंश ही बजाने का निर्णय लिया। इसी मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

मीसाबंदियों की पेंशन पर भी सियासत
इधर, मीसाबंदियों की पेंशन को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने कहा था कि मीसाबंदियों की पेंशन भाजपा को अपने पार्टी फंड से देनी चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए इमरजेंसी की याद दिलाई।

CM साय ने कहा कि जो कांग्रेस आज संविधान बचाने की बात करती है, उसी ने 1975 में संविधान को ताक पर रखकर देश में आपातकाल लागू किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था, जिससे हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीसाबंदियों का सम्मान करना भाजपा की जिम्मेदारी है और कांग्रेस को इस मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।

राष्ट्रीय आम महोत्सव का शुभारंभ
राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि मंडपम में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का शुभारंभ भी हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि महोत्सव में आम की 250 से अधिक प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई गई है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे समय निकालकर इस विशेष प्रदर्शनी को देखने जरूर आएं।