रायपुर। कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष चयन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आंतरिक मामलों को देखना उनका काम नहीं है, लेकिन पार्टी अब जनता का विश्वास खो चुकी है और चाहे जितनी कोशिश कर ले, उसे दोबारा जनता का भरोसा नहीं मिलेगा।
कांग्रेस लगातार सिमट रही है: सीएम साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस देशभर में जनता का विश्वास खो चुकी है और लगातार सिमटती जा रही है। उनके मुताबिक कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है तथा पार्टी ने हमेशा जनता को गुमराह करने का काम किया है।
2018 के जनादेश का नहीं किया सम्मान
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने वर्ष 2018 में कांग्रेस को जनादेश दिया था, लेकिन पांच वर्षों के शासनकाल में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के बजाय प्रदेश को लूटने और लोगों को ठगने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भुगतना पड़ा।
जनता का भरोसा वापस पाना मुश्किल
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस चाहे जो भी रणनीति अपनाए, जनता का भरोसा वापस हासिल करना आसान नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की कार्यशैली को अच्छी तरह समझ चुकी है।
एलपीजी सिलेंडर के बढ़े दामों पर भी बोले
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और तनावपूर्ण हालात का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सभी को सहयोग की भावना से काम करना चाहिए और देशहित में एकजुट होकर खड़ा रहना चाहिए।





