September 4, 2026

आदिवासी कांग्रेस की बैठक पर CM साय का हमला, बोले- कांग्रेस ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक समझा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आदिवासी कांग्रेस की बैठक को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में किसी ने जनजातीय समाज की चिंता की है, तो वह भाजपा की सरकार ने की है।

अटल सरकार में बना था अलग जनजातीय मंत्रालय

मुख्यमंत्री साय ने भाजपा सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अनुसूचित जनजाति समाज के लिए अलग मंत्रालय का गठन किया था। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू का देश की राष्ट्रपति बनना पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव और सम्मान की बात है।

सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की लगभग सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आदिवासी समाज को मिल रहा है।

PM जनमन योजना का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम जनमन योजना शुरू की है। इसके तहत जनजातीय गांवों तक सड़क पहुंचाने के साथ राशन कार्ड और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कुछ भी कर ले, लेकिन जनजातीय समाज अब उसे पहचान चुका है और जनता उसके बहकावे में आने वाली नहीं है।

पेपर लीक मामले में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक की घटना को लेकर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी।

BJP की बैठकों पर बोले CM साय

भाजपा की लगातार चल रही मैराथन बैठकों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी में लगातार बैठकें होती रहती हैं। इन बैठकों के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की जाती है।

दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रवाना हुए CM

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय जशपुर दौरे के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान वे अपने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री पंडरीपानी में स्टेट बैंक की नई शाखा का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा महतारी वंदन योजना के भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा। दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।