रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर वर्ष 2025 के आवास मेले में आवास बुक करने वाले हितग्राहियों को लकी ड्रा के माध्यम से कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित विभिन्न पुरस्कार वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने नए लोगो के डिजाइनर अंशुल कश्यप को बधाई देते हुए ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक भी सौंपा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हर परिवार का अपना पक्का घर होना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गृह निर्माण मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने 7,388 संपत्तियों का विक्रय कर लगभग 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आवास एवं पर्यावरण विभाग, मंडल के अध्यक्ष और पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी थी। वर्तमान में प्रदेश में साढ़े दस लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं और प्रतिदिन लगभग 1,600 नए आवास तैयार किए जा रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी विशेष आवास योजना संचालित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने सुशासन को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से 450 से अधिक सरकारी सेवाएं मोबाइल ऐप पर उपलब्ध हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 65 हजार घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया बिल और सरचार्ज में आकर्षक छूट का लाभ दिया जा रहा है।
इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विभाग में व्यापक प्रशासनिक सुधार किए गए हैं। गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई पहचान देकर प्रदेश के पूंजीगत विकास कार्यों में इसकी भूमिका का विस्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अब नई आवासीय परियोजनाएं पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित होने के बाद ही शुरू की जाएंगी, जिससे वित्तीय अनुशासन और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मंडल ने नई कार्य संस्कृति अपनाई है। भविष्य में मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और वित्तीय रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में लकी ड्रा के नौ विजेताओं को सम्मानित किया गया। सारंगढ़ की पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार प्रदान की गई। इसके अलावा स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार भी वितरित किए गए। इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।





