March 5, 2026

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ऊर्जा विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा की। बैठक में राज्य में विद्युत उत्पादन, ट्रांसमिशन, वितरण और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

सीएम साय ने कहा कि बिजली आमजन की मूलभूत आवश्यकता है और इसकी निर्बाध आपूर्ति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ऑफ-ग्रिड विद्युतीकृत गांवों को शीघ्र ग्रिड से जोड़ने, विद्युत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और पीक डिमांड के अनुरूप ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को विद्युत आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसके प्रति उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही सोलर पैनल स्थापना एवं रखरखाव, सभी सरकारी भवनों में सोलर पैनल लगाने और स्मार्ट मीटर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

ऊर्जा विभाग की रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले दो वर्षों में ट्रांसफार्मर क्षमता 24,227 एमवीए से बढ़कर 27,820 एमवीए हो गई है। 400/220 केवी, 220/132 केवी और 132/33 केवी उपकेंद्रों के उन्नयन सहित कई परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इसके अलावा सौर सुजला योजना, कुसुम योजना, नियद नेल्ला नार और ग्राम विद्युतीकरण पर भी समीक्षा हुई।

बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत और सीएसपीडीसीएल, सीएसपीजीसीएल, सीएसपीटीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।