मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। इसी योजना के तहत सक्ती जिले के ग्राम कोंमो निवासी श्रीमती मीना महंत को नया जीवन मिला है।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष जून माह की शुरुआत में मीना महंत को अचानक हार्ट अटैक आया। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनके हार्ट की एक नस में ब्लॉकेज है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर स्थित मेकाहारा रेफर किया गया।
मेकाहारा में जांच के बाद डॉक्टरों ने हार्ट सर्जरी की सलाह दी और बताया कि ऑपरेशन में लगभग 5 लाख रुपये खर्च आएगा। यह रकम परिवार के लिए बहुत बड़ी थी।
मीना महंत के पति जगन्नाथ दास ने बताया कि उनका परिवार संयुक्त है और आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। ऐसे में 5 लाख रुपये की व्यवस्था करना संभव नहीं था और परिवार ने लगभग उम्मीद छोड़ दी थी कि मीना महंत ठीक हो पाएंगी।
इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने मेकाहारा के डॉक्टरों से इलाज में आने वाले खर्च का प्रस्ताव बनवाकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निवास पहुंचकर सहायता के लिए आवेदन किया।
आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मीना महंत की हार्ट सर्जरी के लिए आर्थिक सहायता की स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद उनकी सफलतापूर्वक सर्जरी की गई।
सर्जरी के बाद अब मीना महंत स्वस्थ होकर अपने घर लौट आई हैं और पहले की तरह सामान्य जीवन व्यतीत कर रही हैं।
परिवार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह संभव हो पाया कि उम्मीद खो चुके परिवार को फिर से खुशियां मिल सकीं और एक पत्नी, मां और दादी को नया जीवन मिला।





