September 6, 2026

छत्तीसगढ़ में माघ पूर्णिमा पर रहेगी सरकारी छुट्टी, संत रविदास के नाम पर होगा राज्य अलंकरण पुरस्कार: CM साय की बड़ी घोषणाएं

रायपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा करते हुए कहा कि अब माघ पूर्णिमा के दिन छत्तीसगढ़ में सरकारी अवकाश रहेगा। साथ ही इस दिन प्रदेश में मांस-मदिरा की बिक्री पर भी प्रतिबंध रहेगा।

संत रविदास के नाम पर दिया जाएगा राज्य अलंकरण पुरस्कार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संत रविदास के विचारों और समाज सुधार के योगदान को याद रखने के लिए राज्य अलंकरण समारोह में उनके नाम से एक नया पुरस्कार शुरू किया जाएगा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि नवा रायपुर में एक प्रमुख चौक का नाम संत रविदास के नाम पर रखा जाएगा। इसके अलावा संत रविदास के संदेशों को विधानसभा में अंकित कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया जाएगा।

फरवरी 2027 तक चलेगा कार्यक्रम

सीएम साय ने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम अगले वर्ष फरवरी 2027 तक जारी रहेंगे। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समानता, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश दिया है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।