July 30, 2026

शाला प्रवेश उत्सव में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता का आह्वान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लिखा पत्र

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर 16 जून से 27 जून 2026 तक आयोजित होने वाले “शाला प्रवेश उत्सव” में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे सशक्त आधार है तथा यह सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने नवीन शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर प्रदेश के विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बालक-बालिका का विद्यालय में प्रवेश तथा नियमित अध्ययन सुनिश्चित करना है।

जनप्रतिनिधियों से की विशेष अपील

मुख्यमंत्री साय ने मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत अध्यक्षों, महापौरों तथा नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों में पहुंचकर अभियान में भागीदारी निभाने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि ऐसे बच्चों की पहचान करने और उनके नामांकन के लिए प्रेरित करें, जो अभी तक विद्यालय से नहीं जुड़े हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। उनके अनुसार जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दे सकती है।

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि राज्य सरकार विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से उत्कृष्ट शिक्षण वातावरण विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 से प्रदेश में 150 विवेकानंद विद्यालयों की स्थापना की जा रही है, जिनके माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए मानक स्थापित किए जाएंगे।

नई शिक्षा नीति के अनुरूप हो रहा विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शासकीय विद्यालयों को आधुनिक, तकनीक-संपन्न और छात्र-केंद्रित संस्थानों के रूप में विकसित किया जा रहा है।

विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश तथा बालिकाओं के लिए सरस्वती साइकिल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

हर बच्चे तक पहुंचे शिक्षा का अधिकार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग और व्यापक जनभागीदारी से शाला प्रवेश उत्सव को सफल बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा का अधिकार पहुंचाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।