रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके निवास कार्यालय में उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दी गई। चयनित खिलाड़ी 20 विभिन्न खेलों से जुड़े हैं और इन्हें शासकीय सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
बैठक में अनुमोदित खिलाड़ियों की सूची अब सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी। विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सरकारी सेवा में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। लंबे समय से इस सूची का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पात्रता के अनुसार सरकारी सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन खिलाड़ियों का अनुभव और उपलब्धियां नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। इसलिए उनकी सेवाओं का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाना चाहिए।
खेल प्रतिभाओं के लिए बेहतर माहौल बनाने पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि गांव से लेकर राज्य स्तर तक ऐसी मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है, जहां प्रतिभाओं की समय रहते पहचान हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन तथा प्रतियोगिताओं के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने अधिकारियों से खेल गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा खिलाड़ियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
खेलों के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास और नई खेल अकादमियों की स्थापना के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसे खिलाड़ी तैयार करना है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ी भविष्य में नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित
बैठक में बताया गया कि राज्य में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जा चुके हैं। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए जारी विज्ञापन के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच और निर्धारित मानकों के आधार पर 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





