May 18, 2026

सीएम का दौरा, नक्सली सरेंडर से लेकर बर्ड फ्लू तक—आज की बड़ी खबरें

रायपुर, प्रतिनिधि।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदाबाजार जिले के दौरे पर रहेंगे। वे रायपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होकर दोपहर में चक्रपाणि शुक्ल स्कूल मैदान पहुंचेंगे, जहां दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत राशि वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे और हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे।

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री रायपुर में साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित “खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026” का उद्घाटन भी करेंगे। प्रशासन ने दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।


गृहमंत्री के सामने कुख्यात नक्सली पापाराव करेगा सरेंडर


छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा आज जगदलपुर दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 9:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से रवाना होंगे।

जगदलपुर में उनकी मौजूदगी में कुख्यात नक्सली पापा राव सरेंडर करेगा। इसे प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। राज्य सरकार की सरेंडर और पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं और इसे नक्सल उन्मूलन अभियान में अहम उपलब्धि माना जा रहा है।


गांव पहुंच अभियान से संगठन मजबूत करने में जुटे दीपक बैज


छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ‘गांव पहुंच अभियान’ के जरिए पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं। आज वे कोरबा के दौरे पर रहेंगे।

सरगुजा प्रवास के दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों के साथ राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 27 हजार बूथ कमेटियां और 15 हजार से अधिक पंचायत एवं वार्ड कमेटियों का गठन किया जाएगा।

अभियान की शुरुआत बस्तर से की गई है और अब तक वे 30 से अधिक बूथों और 15 पंचायतों में कमेटियां गठित कर चुके हैं।


बर्ड फ्लू के बाद कोनी कंटेनमेंट जोन घोषित, कलेक्टर-एसएसपी का निरीक्षण


बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन अलर्ट पर है। कोनी क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

कलेक्टर और एसएसपी ने देर रात क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इलाके में सैंपलिंग, कुलिंग और निगरानी का काम तेज कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग को लोगों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।


प्लास्टिक बोतलों में शराब बिक्री के फैसले का विरोध तेज


छत्तीसगढ़ में शराब को कांच की बजाय प्लास्टिक बोतलों में बेचने के फैसले का विरोध तेज हो गया है।

छत्तीसगढ़ बोतल संघ आज आबकारी कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराएगा। संघ का कहना है कि अचानक फैसले से कांच की बोतलों का बड़ा स्टॉक फंस गया है, जिससे कारोबारियों को भारी नुकसान हो सकता है।

संघ ने पुराने स्टॉक को खत्म करने के लिए 6 महीने का समय देने की मांग की है और चेतावनी दी है कि समाधान नहीं निकला तो मजदूरों की आजीविका प्रभावित होगी।


नवरात्रि में उमड़ा आस्था का सैलाब, सप्तमी-अष्टमी पर मंदिरों में भीड़


चैत्र नवरात्रि के दौरान सप्तमी और अष्टमी तिथि पर राजधानी रायपुर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

सुबह से ही भक्त माता के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

अष्टमी पर कन्या पूजन के चलते घरों और मंदिरों में विशेष आयोजन हो रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।


हटिया-दुर्ग ट्रेन अब नियमित एक्सप्रेस, 2 अप्रैल से नया शेड्यूल लागू


दुर्ग-हटिया के बीच चलने वाली द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है।

यह ट्रेन 18641/18642 हटिया-दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस नंबर से संचालित होगी। 2 अप्रैल से हटिया से मंगलवार और गुरुवार को तथा 3 अप्रैल से दुर्ग से बुधवार और शुक्रवार को ट्रेन चलेगी।

रेलवे के अनुसार यह ट्रेन राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, भाटापारा और रायपुर स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।