July 30, 2026

CM साय बोले- आपात बैठक नहीं थी, मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर कार्यक्रमों की हुई समीक्षा

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में देर रात तक चली हाई लेवल बैठक को लेकर उठ रहे सवालों पर स्पष्ट किया है कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए यह बैठक आयोजित की गई थी।

जशपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “12 साल विश्वास के, विकास के और बेमिसाल” अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में विधायकों और मंत्रियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनकी समीक्षा बैठक में की गई।

मुख्यमंत्री ने अपने जशपुर दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे और रात्रि विश्राम ग्राम बगिया में करेंगे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां राहुल गांधी जाते हैं, वहां कांग्रेस को नुकसान ही होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी कथनी और करनी के कारण जनता का विश्वास खो चुकी है और पार्टी के भीतर आपसी मतभेद की स्थिति बनी हुई है।

महाराष्ट्र के विधायकों के छत्तीसगढ़ दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों का दल राज्य में धान खरीदी व्यवस्था का अध्ययन करने आया है। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास में उनसे मुलाकात भी की और किसानों के हित में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यूसीसी लागू की जाएगी। इसके लिए समिति का गठन किया जा चुका है, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी मानसून सत्र में इसे लाया जाना संभव नहीं होगा।