रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में 103 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है और राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मेडिकल छात्रों और मरीजों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम के तहत आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन विस्तार और चिकित्सकों व कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।
उन्होंने बताया कि पिछली यात्रा के दौरान मेडिकल विद्यार्थियों ने छात्रावास की मांग रखी थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लेते हुए अब मूर्त रूप दिया है।
केंद्र के सहयोग से स्वास्थ्य क्षेत्र का विस्तार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने डीएम कार्डियक कोर्स सहित विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं में केंद्र की भूमिका का उल्लेख करते हुए भविष्य में राज्य को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की सौगात मिलने की उम्मीद जताई।
बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने दूरस्थ इलाकों में लाखों लोगों तक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई हैं। उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों से प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी सेवा देने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कही यह बात
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली परियोजनाएं चिकित्सा क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होंगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी संस्थान तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्रों के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कोरबा, कांकेर और महासमुंद मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य आगे बढ़ रहे हैं तथा जगदलपुर में जल्द ही प्रदेश का दूसरा बड़ा हार्ट सेंटर स्थापित किया जाएगा।
इन परियोजनाओं का हुआ भूमिपूजन
- 200 सीटर आधुनिक छात्र-छात्रावास का निर्माण
- चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर
- कैंसर भवन का द्वितीय से छठे तल तक विस्तार
- अत्याधुनिक लैब, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और वार्डों का निर्माण
- छात्राओं के लिए विस्तारित छात्रावास, लाइब्रेरी और रिक्रिएशन हॉल
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।





