July 23, 2026

दिल्ली दौरे पर CM साय ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात, विकास मुद्दों पर हुई चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों को नई गति देने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने, गरीब कल्याण योजनाओं, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार और मातृशक्ति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से छत्तीसगढ़ में विकास और जनकल्याण के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

गौरतलब है कि नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन से पुराना जुड़ाव रहा है। वे वर्ष 2021 से 2024 तक पार्टी के सह-प्रभारी रहे। इसके बाद लोकसभा चुनाव 2024 में उन्हें छत्तीसगढ़ का चुनाव प्रभारी बनाया गया था। जुलाई 2024 से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक उन्होंने प्रदेश प्रभारी के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभाली थी।