रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राज्य में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने अपने जापान दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की निवेश प्रोत्साहन नीतियों के चलते छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि जापान की उन्नत तकनीकी विशेषज्ञता राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा दे सकती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस सहयोग से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने राज्य की नई औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए निवेश के अनुकूल वातावरण की प्रशंसा की और भविष्य में निवेश बढ़ाने की इच्छा जताई।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।





