रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री आबे नोरिआकि ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश, आर्थिक सहयोग और विकास की संभावनाओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने आबे नोरिआकि का शॉल ओढ़ाकर और भगवान राम की प्रतिमा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने इस अवसर पर अपनी जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति, निवेश को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में उद्योगों के विकास के लिए बेहतर आधारभूत संरचना, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। इससे निवेशकों को छत्तीसगढ़ में आकर्षक अवसर मिल रहे हैं।
इस दौरान विधायक किरण देव और विधायक सुशांत शुक्ला भी उपस्थित रहे।





