July 23, 2026

कमजोर मानसून पर बोले सीएम साय- किसानों के साथ सरकार, AI मिशन और गुड गवर्नेंस पर भी दिया जोर

RAIPUR NEWS UPDATE: रायपुर। अल नीनो के प्रभाव से मानसून कमजोर रहने की आशंकाओं के बीच मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें मौसम की परिस्थितियों के अनुसार खेती की योजना बनाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।

जांजगीर-चांपा और सक्ती दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विभाग पहले ही संकेत दे चुका है कि इस वर्ष मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है। ऐसे में किसानों को मौसम के अनुरूप कृषि गतिविधियों की योजना बनाने की सलाह दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वे सक्ती जिले के दौरे पर जा रहे हैं, जहां भाजपा जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मंत्रालय में हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक का उल्लेख करते हुए Vishnu Deo Sai ने कहा कि राज्य बजट में पांच प्रमुख मिशन शामिल किए गए हैं, जिनमें AI मिशन भी एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग तेजी से विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रहा है और इसके प्रभावी उपयोग को लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है।

चरण पादुका योजना के लिए जारी टेंडर पर हाईकोर्ट द्वारा लगाई गई रोक के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान यह योजना बंद कर दी गई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे पुनः शुरू किया है और आगे भी हर वर्ष इसका लाभ हितग्राहियों को देने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा के 4 और 5 जुलाई को BJP Chintan Shivir 2026 के आयोजन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चिंतन शिविर का तीसरा वर्ष है। इसमें सुशासन (गुड गवर्नेंस), सरकार की कार्यप्रणाली और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर व्यापक चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सरकार के कामकाज की समीक्षा और बेहतर प्रशासनिक निर्णय लेने में काफी मददगार साबित होते हैं।