रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी का मुद्दा एक बार फिर गरमाया हुआ है। इस मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है, इसलिए इस तरह के आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का धर्म ही विरोध करना रह गया है।
नारायणपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि आज धान खरीदी की अंतिम तारीख है और प्रदेश में खरीदी सुचारु रूप से चल रही है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही धान खरीदी की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि किसानों का धान समय पर खरीदा जाए और टोकन मिलने में किसी तरह की देरी न हो। अधिकारी लगातार इस पर काम कर रहे हैं।
जमीन गाइडलाइन और आयुष्मान योजना पर भी बोले CM
जमीन की गाइडलाइन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें संशोधन किए गए हैं और इसके लिए सुझाव भी मांगे गए थे। फिलहाल इस पर कार्यवाही (वर्किंग) जारी है।
वहीं निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज नहीं किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जो भी बकाया राशि है, उसे जल्द जारी किया जाएगा।
नारायणपुर में 361 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नारायणपुर में दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। उनके साथ राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान 361 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।





