May 13, 2026

G Morning News : सीएम साय आज बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति बैठक में होंगे शामिल, केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान का छत्तीसगढ़ दौरा

रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai आज बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। वे सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे और शाम 5 बजे तक चलने वाली बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 5:15 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे, जहां उनका समय आरक्षित रहेगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान का दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा

भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री Kamlesh Paswan 13 और 14 मई को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। दौरे के दौरान वे ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा हितग्राहियों से संवाद करेंगे।

वे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) सहित कई योजनाओं की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके अलावा पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संगोष्ठी और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Deepak Baij ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि देश धीरे-धीरे दूसरे लॉकडाउन जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है और केंद्र सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय जनता से त्याग की अपील कर रही है।

राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा के दौरान दीपक बैज ने महंगाई, ईंधन संकट और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है।

उन्होंने वर्क फ्रॉम होम और कम यात्रा की अपील पर सवाल उठाते हुए कहा कि रोज कमाने-खाने वाले लोग घर बैठकर जीवनयापन कैसे करेंगे। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बीते वर्षों में क्रूड ऑयल भंडारण क्षमता बढ़ाने की दिशा में कोई बड़ा कदम नहीं उठाया।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

  • सत्संग एवं भजन संध्या — आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा, राजभवन के निकट मुक्ताकाशी मंच में, शाम 7:30 बजे से।
  • समर क्लासेस — गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, स्टेशन रोड के लंगर हाल में, सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक।
  • समर क्लासेस समापन समारोह — अग्रसेन भवन, पुरानी बस्ती में, सुबह 11 बजे से।
  • श्रीमद देवी भागवत कथा — लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण में, सुबह 9 बजे से।
  • प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव — श्रीबांके बिहारी मंदिर, नयापारा सदर बाजार में, सुबह 9:30 बजे से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।