रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में राज्य सरकार एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। नई उद्योग नीति के तहत नया रायपुर में विकसित किए जा रहे टेक्सटाइल पार्क का शुभारंभ 25 जून को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इसकी जानकारी उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित सहयोग केंद्र के दौरान दी।
मंत्री देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को औद्योगिक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल पार्क के शुरू होने से प्रदेश के युवाओं, तकनीकी रूप से प्रशिक्षित श्रमिकों और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक उद्योग स्थापित कर राज्य में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
सहयोग केंद्र में सुनीं जनसमस्याएं
बुधवार को भाजपा के सहयोग केंद्र में उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान लगभग 60 से 70 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।
मंत्री ने बताया कि कई मामलों में मौके पर ही समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए, जबकि अन्य विभागों से संबंधित आवेदनों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का भी समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
देवांगन ने कहा कि भाजपा द्वारा अलग-अलग दिनों में सहयोग केंद्र का आयोजन किया जाता है, जहां जनप्रतिनिधि सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और समाधान का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।





